टाटानगर रेलवे ओवरब्रिज पर सुबह-सुबह हादसा, प्रतिबंध के बावजूद चढ़ा ट्रक, दो घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज पर सोमवार की सुबह एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी भारी पड़ी। प्रतिबंध के बावजूद ओवरब्रिज पर चढ़े एक ट्रक ने स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह का समय होने के कारण ओवरब्रिज पर सामान्य आवाजाही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और बागबेड़ा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि टाटानगर रेलवे ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद आए दिन भारी वाहन इस ओवरब्रिज का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त निगरानी और नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.