मानगो सरोवर हिल्स के पास हथियारों के साथ 3 गिरफ्तार, आज़ादनगर और कपाली के रहने वाले हैं आरोपी

SHARE:

Jamshedpur:मानगो थाना पुलिस ने अपराध की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए हथियारों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर सरोवर हिल्स, एनएच-33 के पास की गई। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मानगो थाना की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब साढ़े 10 बजे सरोवर हिल्स के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आज़ादनगर रोड नंबर-12 निवासी दानिश हुसैन (20 वर्ष), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली गौसनगर निवासी राशिद अंसारी (25 वर्ष) तथा कपाली अली मस्जिद के पास रहने वाले गुलाब खान उर्फ तन्नी (19 वर्ष) के रूप में की गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एसआई महेंद्र कुमार के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाए थे और उनका आपराधिक नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है।
मानगो पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment