राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026: जागरूकता रथ ने गांव–गांव पहुंचाया यातायात नियमों का संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर सरायकेला-खरसावाँ जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने जमीनी स्तर पर व्यापक पहल की है। सोमवार को सरायकेला प्रखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता वाहन (रथ) के माध्यम से सघन प्रचार–प्रसार अभियान चलाया गया, जिसने ग्रामीणों का खासा ध्यान आकर्षित किया।
सुबह से ही पंचायतों में पहुंचा जागरूकता रथ लाउडस्पीकर और दृश्य–श्रव्य संदेशों के जरिए लोगों को यातायात नियमों की अहमियत समझाता नजर आया। अभियान के दौरान पंपलेट वितरण कर हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान परिवहन विभाग के कर्मियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और नियमों का पालन करे, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
जिला परिवहन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और अपने परिवार, बच्चों एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। प्रशासन का मानना है कि ऐसे निरंतर अभियानों से सड़क सुरक्षा को लेकर सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.