Adityapur:आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति के संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आदित्यपुर समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी संभावित खतरे को टालने और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है।
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में होटल, लॉज, ढाबा, गली-मोहल्ला, वाइन शॉप और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने होटल और ढाबों में शराब की जांच के साथ-साथ वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की गहन पूछताछ की। होटल और लॉज में ठहरे लोगों के पहचान पत्रों की भी सख्ती से जांच की गई।
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर क्षेत्र में नियमित और सतत जांच की जा रही है। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनज़र किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम संपन्न होने तक लगातार जारी रहेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी को भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।









