सीएसआर के तहत गुवा सेल की सराहनीय पहल: 5 गांवों के 50 बीपीएल बच्चों को मिली नि:शुल्क स्कूल सामग्री

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa:शिक्षा को सामाजिक दायित्व का आधार मानते हुए गुवा सेल प्रबंधन ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत एक प्रेरणादायक पहल की है। इसी क्रम में गुवा सेल के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडी) में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान पांच गांवों के बीपीएल कार्डधारी 50 बच्चों के बीच नि:शुल्क स्कूल बैग, किताबें और पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। उल्लेखनीय है कि सीएसआर योजना के तहत इन बच्चों को पहले ही स्कूल यूनिफॉर्म, स्वेटर और ब्लेज़र जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

इस वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक (खान) चंद्रभूषण कुमार ने किया। मौके पर सिविल विभाग के महाप्रबंधक संजय बनर्जी, मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, खान विभाग के महाप्रबंधक एस.पी. दास, मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक मिलन नंदी तथा सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बच्चों को सामग्री सौंपकर उनका मनोबल बढ़ाया।

अपने संबोधन में सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन अपने 18 सीएसआर गांवों में शिक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। गुवासाई, नुईया, ठाकुरा, रोवाम और जोजोगुटू सहित आसपास के क्षेत्रों के गरीब और असहाय बीपीएल परिवारों के बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई कराना कठिन है, ऐसे 50 बच्चों को यह शैक्षणिक सहायता दी गई है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सेल प्रबंधन की पहल पर लगभग 95 बच्चों की गुवा डीएवी स्कूल की ट्यूशन फीस माफ कराई गई है। साथ ही बच्चों से शिक्षा को लक्ष्य बनाने और अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच मिली शैक्षणिक सामग्री न सिर्फ उनके भविष्य की नींव को मजबूत करती दिखी, बल्कि गुवा सेल प्रबंधन की सामाजिक प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति संवेदनशील सोच को भी उजागर करती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.