गुवा सेल अस्पताल में दवाइयों की किल्लत, यूनियन का सख्त रुख—आंदोलन की चेतावनी

SHARE:

Guwa:गुवा सेल अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की कमी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों को स्टॉक की जरूरी दवाइयां नहीं मिलने से इलाज प्रभावित हो रहा है, जिससे उन्हें मजबूरन बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर पीड़ित मरीजों ने झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे से शिकायत की।

शिकायत मिलते ही रामा पांडे ने गुवा सेल अस्पताल प्रबंधन पर तीखे सवाल उठाते हुए त्वरित सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। साथ ही उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली, मरीजों की सुविधा के लिए दो नई एंबुलेंस की व्यवस्था और अस्पताल सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग रखी।

यूनियन अध्यक्ष ने मौजूदा मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी पर भी असंतोष जताते हुए उन्हें पद से हटाकर नए मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की नियुक्ति की मांग की, ताकि अस्पताल की कार्यप्रणाली में वास्तविक सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की, तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन में हलचल देखी जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रबंधन मरीजों की परेशानियों को कितनी गंभीरता से लेता है और मांगों पर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Comment