Jamshedpur : कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से हर-हर महादेव सेवा संघ द्वारा देवनगर, बागूनहातू एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक कंबल वितरण अभियान चलाया गया। संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में यह सेवा कार्य उन असहाय, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा, जिनके लिए ठंड का मौसम सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है।
इस अभियान के तहत बाराद्वारी स्थित देवनगर क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों और बस्तियों में रहने वाले लोगों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण कार्यक्रम सुभाष आश्रम, सर्वोदय आश्रम, राजेन्द्र आश्रम, सरदार पटेल आश्रम, कस्तूरबा आश्रम (ए व बी), विवेकानंद आश्रम, शास्त्री आश्रम, प्रेम आश्रम, गांधी आश्रम, गढ़्ढा बस्ती, बागूनहातू रोड नंबर सहित कई अन्य इलाकों में संपन्न हुआ।
सेवा कार्य के बाद जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि ठंड के दिनों में एक कंबल किसी के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकता है। जब किसी बुजुर्ग या असहाय को ठंड से कांपते देखते हैं, तो मन स्वतः सेवा के लिए प्रेरित हो जाता है। उन्होंने बताया कि हर-हर महादेव सेवा संघ पिछले 25 वर्षों से निरंतर समाज सेवा में जुटा हुआ है। संघ का उद्देश्य केवल सहायता करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को यह भरोसा देना है कि वे अकेले नहीं हैं।
उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर इस मानवीय सेवा में सहभागी बनने की अपील भी की। इस सेवा अभियान को सफल बनाने में लख्खिकांत घोष, मुकुल दास, रिंकी देवी, रूपाल लोहार, अमित ठाकुर, राजू रजक, नरेश साहू, रामा राव, ऐनर राव, रवि दास, मुतारु प्रदान, संतोष सेठ, श्याम गोप सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।









