आदित्यपुर में 16–17 जनवरी को रक्षा एक्सपो, एमएसएमई उद्योगों को मिलेंगे नए व्यावसायिक अवसर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (एशिया) एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में 16 और 17 जनवरी को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में रक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्योगों को रक्षा क्षेत्र से जोड़ना, उनकी तकनीकी क्षमताओं को प्रदर्शित करना और उन्हें नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।

रक्षा एक्सपो की तैयारियों को लेकर एशिया के पदाधिकारियों ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मांगें रखीं। इस दौरान पदाधिकारियों ने जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री की सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया, ताकि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

एशिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि संगठन का लक्ष्य एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़कर उन्हें नए बाजारों तक पहुंच दिलाना है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को रक्षा क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने और दीर्घकालिक कारोबारी अवसर प्राप्त करने का मंच मिलेगा।

वहीं, एशिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्थन से एक्सपो को व्यापक स्तर पर सफल बनाने में मदद मिलेगी।
एशिया के उपाध्यक्ष देवांग गांधी ने कहा कि रक्षा एक्सपो स्थानीय उद्योगों के लिए अपनी तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता और नवाचार को रक्षा क्षेत्र के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

एशिया के सचिव अशोक गुप्ता ने बताया कि एक्सपो की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और उद्योग जगत में इसे लेकर उत्साह का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
आयोजकों के अनुसार, रक्षा एक्सपो से न केवल एमएसएमई उद्योगों को नए ऑर्डर और साझेदारियां मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.