नीमडीह में जंगली हाथियों का आतंक, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, दर्जनों किसानों की फसलें तबाह

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों की आवाजाही, हमलों और फसलों को हो रहे भारी नुकसान से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। अलग-अलग गांवों में हाथियों के उत्पात से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

गुरुवार को हूंडरू पाथरडीह गांव निवासी कंका सिंह उर्फ कोकिल सिंह उस समय जंगली हाथी के हमले का शिकार हो गए, जब वे शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक सामने आए हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह शोर-शराबा कर हाथी को खदेड़ा। इसके बाद घायल कंका सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इधर, लगभग 16 जंगली हाथियों के झुंड ने रघुनाथपुर गांव के बड़डीह टोला में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दर्जनों किसानों की धान, सब्जी, केला, आलू सहित अन्य फसलों को खाकर और पैरों से रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है और उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है।

लगातार हाथियों की गतिविधियों से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की नियमित निगरानी, उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने तथा घायल व्यक्ति के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है।
इधर, सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और हाथियों से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील भी की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.