Seraikela:नववर्ष और क्रिसमस के मद्देनजर पुलिस ने आरआईटी थाना क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में संघन वाहन जांच अभियान किया गया।
जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और साइलेंसर मॉडिफाई की गई मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दो यामाहा कंपनी की R15 मोटरसाइकिलें जप्त की गईं। इनमें से एक R15 में नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी, जिससे इसे संदिग्ध वाहन मानकर जब्ती की कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सतत कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि नए साल और 25 दिसंबर को लेकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, ड्रिंक एंड ड्राइव, चार पहिया वाहनों के ब्लैक शीशे और संदिग्ध वाहनों की निगरानी शामिल है।
उन्होंने साफ संदेश दिया कि आरआईटी थाना क्षेत्र में कानून तोड़ने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









