निर्मल दा वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा : मंगल कालिंदी

SHARE:

Jamshedpur:शहीद निर्मल महतो जी की जयंती के अवसर पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस में स्थापित शहीद निर्मल महतो जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात वे कदमा-उलियान स्थित समाधि स्थल पहुंचे, जहां पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि शहीद निर्मल महतो की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने झारखंड और झारखंडवासियों के हक-अधिकार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आज भी समाज को दिशा दिखाता है। निर्मल दा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे, जो वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और आदर्श बने रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि शहीद निर्मल महतो का सपना था कि झारखंड के लोगों को उनका हक, सम्मान और स्वाभिमान मिले। आज जरूरत है कि हम सभी उनके विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता और न्याय के लिए कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी शहीद निर्मल महतो के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में झामुमो के नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष को याद किया।

Leave a Comment