श्रीनाथ विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह सम्पन्न, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार हुए मुख्य अतिथि

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय में बुधवार को विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके उपरांत विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि यह अवसर केवल विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी गर्व और उपलब्धि का क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से उनके जीवन की एक नई यात्रा प्रारंभ हो रही है। दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों के संघर्ष, अनुशासन, परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है।

राज्यपाल ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों की पहचान केवल ज्ञान से नहीं, बल्कि उनके मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व से भी होगी। उन्होंने कहा कि श्रीनाथ विश्वविद्यालय एक निजी विश्वविद्यालय के रूप में राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और अपेक्षा जताई कि विश्वविद्यालय यूजीसी द्वारा निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मजबूत आधारभूत संरचना, योग्य संकाय, शोध एवं नवाचार तथा नैतिक मूल्यों के साथ निरंतर प्रगति करता रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल उपाधि पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल विकास, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल उद्योगों से जुड़ा और सक्रिय होना चाहिए।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक श्रीमती सविता महतो उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत यादगार क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने संस्कारों और अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल नौकरी पाना ही लक्ष्य न हो, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना भी उतना ही आवश्यक है।

प्रथम दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2021, 2022 एवं 2023 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। कुल 529 डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 44 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इनमें 121 स्नातकोत्तर, 169 स्नातक एवं 239 डिप्लोमा की उपाधियां शामिल हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। कुलपति प्रो. डॉ. एस. एन. सिंह ने विश्वविद्यालय का परिचय प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि सहित मंचासीन अतिथियों द्वारा स्मारिका का लोकार्पण किया गया। विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. याहिया मजूमदार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सत्य, सेवा, सहयोग एवं मानवता की सेवा की शपथ दिलाई। समारोह में संस्था के संस्थापक शम्भू महतो, श्रीमती संध्या महतो, प्रबंधन सदस्य श्रीमती अनिता महतो सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment