Chaibasa : डी.एन. मेमोरियल इंग्लिश मीडियम स्कूल, मनोहरपुर परिसर में 20 दिसंबर को हिंदुस्तान ओलंपियाड परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कक्षा 1 से 6 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया और OMR शीट पर अपने उत्तर अंकित किए। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए, जिनमें सामान्य ज्ञान (G.K.), गणित (Math), विज्ञान (Science), साहित्य (Literature) तथा रीजनिंग (Reasoning) से संबंधित प्रश्न शामिल थे।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान समय में लगभग सभी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन OMR शीट के माध्यम से किया जाता है। इस ओलंपियाड परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी माहौल से परिचित कराना और उनके भविष्य के प्रति जागरूक करना है।
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र (Certificate) और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है, जिनमें लेख प्रतियोगिता, ड्रॉइंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और खेलकूद जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, और इस दिशा में विद्यालय निरंतर कटिबद्ध है।









