कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस की चपेट में आकर ट्रैक मेंटेनर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa :सोमवार सुबह घने कोहरे के बीच चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर–घाघरा रेलखंड पर एक दर्दनाक हादसे में रेलवे ट्रैक मेंटेनर की मौत हो गई। ट्रेन संख्या 18029 डाउन कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रैक मेंटेनर मंगल केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा किलोमीटर संख्या 369/3A–5A के पास थर्ड लाइन पर हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगल केरकेट्टा ट्रैक मेंटेनर (मैन) के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान घने कोहरे में तेज रफ्तार से गुजर रही कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना पर ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन पूरी तरह से लापरवाह है। यूनियन की ओर से लंबे समय से ट्रैक मेंटेनरों को ‘रक्षक डिवाइस’ उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

चांद मोहम्मद ने कहा कि जब ट्रैक मेंटेनर ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो रेलवे ट्रैक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित हो पाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक चक्रधरपुर रेल मंडल में 11 ट्रैक मेंटेनरों की मौत हो चुकी है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। यूनियन ने इस हादसे की कड़ी निंदा करते हुए चक्रधरपुर मंडल में अविलंब रक्षक डिवाइस उपलब्ध कराने और ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें