राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल केबुल बस्ती का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

SHARE:

Jamshedpur:राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल, केबुल बस्ती का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक पूर्णिमा साहू ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने तुलसी पूजन के माध्यम से कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति देते हुए संस्कार और संस्कृति का संदेश दिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। “भारत दर्शन” के माध्यम से देश की विविधता में एकता को दर्शाया गया, वहीं नाट्य प्रस्तुति के जरिए काले जादू और पाखंडियों के जाल से दूर रहने का सामाजिक संदेश दिया गया। इसके अलावा भारत के विभिन्न पर्व-त्योहारों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विधायक पूर्णिमा साहू, साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल के सचिव जे. शांता, जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल के प्रेसिडेंट अशोक तिवारी, विद्यालय संरक्षक खेमलाल चौधरी, अध्यक्ष दिनेश कुमार, महासचिव परमानंद कौशल एवं प्रधानाध्यापिका लुबना नूर खान द्वारा पुरस्कृत किया गया।
अपने संबोधन में विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बच्चों को सही दिशा देना आज समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। शिक्षक और अभिभावक यदि प्रारंभिक अवस्था से बच्चों पर विशेष ध्यान दें, तो उनका भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल होगा। वहीं विद्यालय अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि विद्यालय सीमित संसाधनों के बावजूद मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
प्रधानाध्यापिका लुबना नूर खान ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। महासचिव परमानंद कौशल ने विद्यालय से जुड़े आवश्यक विषयों पर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया, जबकि संरक्षक खेमलाल चौधरी ने विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को जे. शांता, अशोक तिवारी एवं सी.पी. समिति मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के माता-पिता को “सर्वश्रेष्ठ अभिभावक” सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम का संचालन छात्र बालवीर एवं शिक्षिका कृतिका कुमारी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रीति शर्मा ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय समिति के सदस्य तथा सैकड़ों की संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें