टाटा स्टील टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर के कैडेट्स ने राज्य स्तर पर लहराया परचम, 32 पदकों से रचा इतिहास

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:झारखंड की खेल राजधानी माने जाने वाले जमशेदपुर ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। टाटा स्टील टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर के कैडेट्स ने झारखंड राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले का नाम रोशन किया है। रांची के खेलगांव स्थित नेशनल गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 17 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सेंटर के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक अपने नाम किए।

इन पदकों में 9 स्वर्ण, 6 रजत और 17 कांस्य शामिल हैं, जो खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण को दर्शाते हैं। विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में कैडेट्स का दबदबा पूरे टूर्नामेंट के दौरान देखने को मिला।

प्रतियोगिता के बाद टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संरक्षक ओ. पी. मिश्रा, वरिष्ठ राज्य खिलाड़ी दिनेश रक्षित, कोच एवं खेल प्रबंधक भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।

गौरतलब है कि टाटा स्टील के खेल विभाग के पूर्ण समर्थन से संचालित इस ट्रेनिंग सेंटर ने वर्ष 2025 में अब तक राज्य रैंकिंग टूर्नामेंट्स में 77 पदक जीत लिए हैं, जो न केवल पिछले वर्ष के 61 पदकों से अधिक है, बल्कि इस वर्ष के निर्धारित लक्ष्य 70 पदकों को भी पार कर चुका है। यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में झारखंड को टेबल टेनिस के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने की ओर इशारा करती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें