टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल नोवामुंडी के छात्र बने ओवरऑल चैंपियन, ईएमएपी-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन

SHARE:

Chaibasa  : टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित पर्यावरण सह खनिज जागरूकता कार्यक्रम (ईएमएपी)-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। यह कार्यक्रम भूवैज्ञानिक एवं संबद्ध प्रौद्योगिकीविद् सोसायटी के तत्वावधान में, अयस्क एवं खान विभाग, ओडिशा सरकार के सहयोग तथा रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के प्रायोजन से दिनांक 17 दिसंबर 2025 को रुंगटा कॉलोनी, बारबिल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन, खनिज पहचान एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कुल 21 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के छात्र संकल्प नारायण मिश्रा ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि सर्वश्रेष्ठ निबंध लेखन प्रतियोगिता में शायन घोष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्रों ने भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

छात्रों के मार्गदर्शक के रूप में शिक्षक श्री ज्योति प्रकाश साहू की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय और अभिभावकों के लिए गौरव का क्षण है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय का नाम रोशन किया है।

इसी क्रम में विद्यालय के प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा नर्सरी से कक्षा 2 तक के छात्रों के लिए ‘बिना आग के पकवान’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने सलाद, चटनी, चनाचूर सहित विभिन्न व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता और कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का संचालन कनीय सी.सी.ए. प्रभारी शिक्षिका रमा कुमारी द्वारा किया गया। कनीय वर्ग की शिक्षिकाओं ने बच्चों को व्यंजन बनाने में सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक श्री सुरेश पंडा ने किया। तकनीकी सहयोग में शिक्षिका कुसुम कुमारी एवं शिक्षिका मिली आचार्या का योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Leave a Comment