जमशेदपुर में नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर सियासी टकराव, भाजपा कार्यकर्ताओं में उबाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:नेशनल हेराल्ड मामले में हालिया कोर्ट सुनवाई को लेकर कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन ने गुरुवार को जमशेदपुर की राजनीति में तीखा तनाव पैदा कर दिया। साकची स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन की कोशिश की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय में जुट गए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद नजर आए।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करने का प्रयास करते हैं, तो भाजपा कार्यकर्ता इसका कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को “लुटेरी पार्टी की गुंडागर्दी” करार देते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय भारत माता के चरण वंदना का स्थल है और यहां किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दबाव की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाजपा कार्यालय से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया, जिससे संभावित टकराव टल गया। मौके पर पुलिस बल की तैनाती भी की गई।

सुधांशु ओझा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कोर्ट से मिली तकनीकी राहत को इस तरह प्रचारित किया जा रहा है, मानो बेगुनाही का प्रमाण पत्र मिल गया हो। उन्होंने कहा कि यह जनता को भ्रमित करने की साजिश है और न्यायपालिका के प्रति असम्मान भी। ओझा ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी फिलहाल जमानत पर हैं और उनकी बेगुनाही अब तक साबित नहीं हुई है।

कांग्रेस की राजनीति पर तीखा कटाक्ष करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि झूठ और भ्रम फैलाने की नीति कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, जिसका खामियाजा आज पार्टी को अपने अस्तित्व के संकट के रूप में भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड में सत्ता के घमंड में कांग्रेस भाजपा कार्यालय तक प्रदर्शन करने की कोशिश कर सकती है, लेकिन भाजपा इसे मूकदर्शक बनकर नहीं देखेगी।

इस दौरान भाजपा कार्यालय में पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, राजकुमार श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर संकेत दे दिया कि नेशनल हेराल्ड मामला आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में और गरमाहट ला सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.