आदित्यपुर के घोड़ा बाबा चौक पर भीषण सड़क हादसा, पुलिस की मौजूदगी में युवक की पिटाई, इलाके में तनाव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के घोड़ा बाबा चौक पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बस (संख्या JH05 BF 9310) और एक कार (संख्या JH05 AB 6467) की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। लोग एक-दूसरे पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाने लगे।

स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई, जब पुलिस की मौजूदगी में ही कुछ उपद्रवियों ने मामले की जानकारी देने वाले एक शख्स की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना के दौरान आदित्यपुर थाना के दरोगा कौशल कुमार मौके पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब मीडिया ने घायल की स्थिति को लेकर उनसे बात करनी चाही, तो उन्होंने कन्नी काटते हुए घटना पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इससे स्थानीय लोगों में और आक्रोश फैल गया।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है, ताकि क्षेत्र में तनाव न फैले। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सख्ती दिखाई होती, तो उपद्रवी पुलिस के सामने किसी व्यक्ति की पिटाई करने का साहस नहीं कर पाते।

घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने कहा,
“पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति को इतनी बेरहमी से पीटा गया, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर पुलिस कर क्या रही है?”

वहीं प्रत्यक्षदर्शी सुमित ने बताया हम लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उपद्रवियों ने किसी की नहीं सुनी। पुलिस मूकदर्शक बनी रही।”

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और घायल को उचित मुआवजा देने की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.