Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्रासाली थाना क्षेत्र के ऊपर लोटा गांव में शनिवार की रात एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सीनू राम जारीका के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में संदिग्ध हालत में पाया गया।
अनुभवी संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 8 बजे के बाद की बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि उस समय पूरा परिवार एक परिचित के दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूसरे टोली गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया।
सीनू राम जारीका पेशे से बागवानी का काम करता था। शनिवार शाम वह खेत से बैलों को घर बांधने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। कार्यक्रम से लौटने के बाद जब उसकी पत्नी ने घर पहुंचकर खोजबीन की तो पति घर में नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर खेत में उसका शव पड़ा हुआ मिला। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मृतक के गले में रस्सी के स्पष्ट निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पांड्रासाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक व भय का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक की दूसरे गांव की एक युवती से बातचीत थी, जिसे लेकर पहले भी उसे समझाया गया था। हालांकि पुलिस ने इस बिंदु पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।









