केरला समाजम मॉडल स्कूल में सुझाव मेला, शिक्षा सुधार को लेकर अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी

SHARE:

Jamshedpur:शिक्षा को अधिक प्रभावी, समावेशी और समयानुकूल बनाने की दिशा में केरला समाजम मॉडल स्कूल ने एक सराहनीय पहल करते हुए शनिवार को विद्यालय के सभागार में सुझाव मेला का आयोजन किया। इस अनूठे कार्यक्रम में एल.के.जी. से लेकर कक्षा बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के लगभग 150 अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खुले मन से अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय प्रबंधन को बहुमूल्य सुझाव दिए। अभिभावकों ने इस तरह के संवादात्मक मंच को शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रशंसनीय कदम बताया।

सुझाव मेला में शिक्षा संबंधी नवाचार, समय प्रबंधन, कैरियर परामर्श, आकलन एवं मूल्यांकन प्रणाली, अनुशासन, मूल्यपरक शिक्षा, छात्र सुरक्षा, साइबर सेफ्टी, सहयोगी गतिविधियाँ तथा कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर और उपयोगी विचार सामने आए। अभिभावकों द्वारा दिए गए सुझावों को विद्यालय परिवार ने भविष्य की योजनाओं के लिए मार्गदर्शक बताया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नंदिनी शुक्ला के नेतृत्व में ए. एल. अब्राहम, श्रीमती रीना बनर्जी, सुजाता सिंह एवं रजिस्ट्रार वृंदा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन की जिम्मेदारी संयोजकों राजन सिंह, प्रवीण सिंह, अबोध सिंह, श्रीमती शीला कुमारी, रानी सिंह, शिल्पी सांदवार, गीता स्वामी सहित अन्य शिक्षिकाओं ने संभाली।

सुझाव मेला न केवल अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद का सशक्त मंच बना, बल्कि यह भी साबित हुआ कि सामूहिक सहभागिता से ही शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Comment