Jamshedpur : गोविंदपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने नुवको कंपनी (जोजोबेरा), टाटा मोटर्स, टाटा पावर एवं टाटा व्हील्स कंपनी से नागरिक सुविधाओं के अभाव और औद्योगिक प्रदूषण से उत्पन्न समस्याओं को लेकर सामाजिक सेवा संघ को अवगत कराया। रविवार को आयोजित बैठक में सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह मजदूर नेता राजेश सामंत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजेश सामंत ने कहा कि गोविंदपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से प्रदूषण, मूलभूत सुविधाओं की कमी और कंपनियों से जुड़ी विभिन्न परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द इन सभी मुद्दों को लेकर जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा, ताकि कंपनियों से उत्पन्न समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने बताया कि औद्योगिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है, जबकि इसके अनुपात में नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। बैठक में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर अपनी समस्याएं रखीं और सामाजिक सेवा संघ से प्रभावी पहल की मांग की।
बैठक में सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष राजेश सामंत के साथ गोविंदपुर के मुखिया शिवलाल लोहरा, गोविंदपुर सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष रूपम सिंह, सोनू श्रीवास्तव, छोटे सरदार, सुलोचना लोहरा, दुखीराम लोहरा, गोपाल कर्मकार, उत्तम गोराई सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित कंपनियों के साथ संवाद के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान जल्द होगा।









