Adityapur : खरसावाँ शहीद पार्क परिसर में आगामी 01 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शहीद पार्क में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता खरसावाँ विधायक दशरथ गागराई ने की। बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, शहीद स्मारक समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विगत वर्षों के अनुभवों के आधार पर इस वर्ष शहीद दिवस को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। शहीद स्मारक समिति और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आलोक में प्रशासन ने बिंदुवार कार्ययोजना तैयार करते हुए विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहीद स्मारक समिति ने बताया कि इस वर्ष करीब 400 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध ढंग से श्रद्धांजलि अर्पित कराने में सहयोग करेंगे। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शहीद पार्क, संपर्क पथ, हाट-बाजार क्षेत्र, पार्किंग स्थल, मुख्य मार्ग, आरसीडी गेस्ट हाउस और हेलीपैड सहित सभी क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद पार्क को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर जूता-चप्पल स्टैंड, बैरिकेडिंग, निर्धारित दूरी पर वाहन पार्किंग और स्पष्ट सूचना व दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शहीद दिवस के दिन मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने, वृद्धजनों को वेदी स्थल पर प्राथमिकता देने और 01 जनवरी को लगने वाले साप्ताहिक हाट-बाजार को अन्य तिथि पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। हाट-बाजार स्थानांतरण की सूचना स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार से आम लोगों तक पहुँचाने को कहा गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि केरसे मुंडा चौक से आरसीडी गेस्ट हाउस तक किसी भी राजनीतिक दल के बैनर, पोस्टर या तोरण नहीं लगाए जाएंगे। शहीद पार्क परिसर में जूता-चप्पल, काला कोट, काला बैग और गमछा के साथ प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विभाग को झूलते तारों को दुरुस्त करने और खराब ट्रांसफॉर्मरों की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने सभी तैयारियाँ 30 दिसंबर 2025 तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियाँ 26 दिसंबर 2025 तक पूरी कर ली जाएंगी। कार्यक्रम स्थल और अन्य प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम से तीन दिन पूर्व से बाइक दस्ता सक्रिय रहेगा।
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शहीद दिवस जिले की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा आयोजन है, जिसे शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग स्थल, हेलीपैड और आरसीडी गेस्ट हाउस का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार व्यवस्था, साफ-सफाई और मार्गों के समतलीकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और शहीद स्मारक समिति के सदस्य उपस्थित थे।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से खरसावाँ शहीद दिवस 2026 शांति, अनुशासन और गरिमा के साथ शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का सशक्त प्रतीक बनेगा।









