Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को विधानसभा के शून्यकाल में झारनेट प्रणाली की धीमी गति और उसके कारण भूमि संबंधी कार्यों में आ रही गंभीर बाधाओं पर तीखी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारनेट के लागू होने के बाद राज्य के सभी अंचल कार्यालयों में कार्यप्रणाली लगभग ठप पड़ गई है।
विधायक ने बताया कि पूर्व में चल रही वेब वीपीएन (Web VPN) व्यवस्था में रैयतों के सभी कार्य तेज़ी और सुगमता से होते थे, लेकिन झारनेट लागू होने के बाद स्थिति उलट गई है। सर्वर की अत्यंत धीमी गति के कारण रैयतों को भूमि संबंधी अपने कार्यों के लिए कई-कई दिनों तक अंचल कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल आमजन को परेशानी हो रही है, बल्कि राजस्व से जुड़े कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
संजीव सरदार ने कहा कि यह स्थिति जनहित एवं प्रशासनिक दक्षता, दोनों के लिए हानिकारक है। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि झारनेट प्रणाली को तत्काल हटाकर पुरानी वेब वीपीएन सेवा को फिर से लागू किया जाए, ताकि अंचल कार्यालयों में कार्य सुचारू रूप से हो सकें और रैयतों को राहत मिल सके।









