गम्हारिया में रेस्टोरेंटों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 8 किलो मिलावटी पनीर नष्ट

SHARE:

Gamharia:उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने सोमवार को गम्हारिया स्थित कई रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल व रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंटों की स्वच्छता व्यवस्था, किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, एक्सपायरी डेट और उपयोग किए जा रहे सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।

इस दौरान एक रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के नमूने की प्रारंभिक जांच में मिलावट की पुष्टि हुई। तत्पश्चात कुल 08 किलोग्राम मिलावटी पनीर को तत्काल नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि—

खाद्य सामग्री केवल प्रमाणित व विश्वसनीय स्रोतों से ही खरीदें

बिना लेबल, एक्सपायर्ड या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का उपयोग न करें

किचन व स्टोर रूम की नियमित स्वच्छता बनाए रखें

कर्मचारियों के लिए ग्लव्स, हेडकवर और स्वच्छ वर्दी अनिवार्य करें


अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस छापेमारी से क्षेत्र के अन्य रेस्टोरेंट संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है, जबकि आम उपभोक्ताओं ने इसे सराहनीय कदम बताया है।

Leave a Comment