एमजीएम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा के साथ बदमाश गिरफ्तार, हत्या की रच रहा था साजिश

SHARE:

जमशेदपुर। एमजीएम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तुरियाबेड़ा गांव से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार देर रात उसके घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, जिसे समय रहते पुलिस ने विफल कर दिया।

मुंबई के होटल विवाद से उपजा हत्या का प्लान

पुलिस पूछताछ में राहुल महतो ने बताया कि जुलाई 2025 में वह मुंबई के दादर-खंडाला स्थित लीड होटल में बतौर बार टेंडर काम कर रहा था। इसी दौरान उसने उलीडीह निवासी करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा को भी वहां नौकरी दिलाने में मदद की थी।

कुछ समय बाद करमा ने होटल के जनरल मैनेजर से राहुल के खिलाफ झूठी शिकायत कर दी, जिसके बाद राहुल को नौकरी से निकाल दिया गया। नौकरी जाने से आहत राहुल और करमा के बीच विवाद बढ़ गया, जो धीरे-धीरे जानलेवा साजिश में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, राहुल ने करमा की हत्या की योजना बनाई थी और इसी मकसद से उसने बिहार से अवैध देशी कट्टा खरीदकर अपने घर में छुपा कर रखा था। समय रहते पुलिस की सक्रियता से घटना को टलने से बड़ा अपराध रुक गया।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

जांच के दौरान राहुल महतो का आपराधिक इतिहास भी उजागर हुआ है। पुलिस के अनुसार वह इससे पहले भी चोरी जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। एमजीएम थाना में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत केस शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी अपने साथी आशोक सिंह, आलोक सिंह और तापस जेना के साथ मिलकर इस क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस टीम की सटीक कार्रवाई से टली बड़ी वारदात

रविवार देर रात मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार किया। बरामद कट्टे को जब्त कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर, सहायक निरीक्षक सचिन कुमार दास, प्रभारी प्रदीप वर्मा, निरीक्षक नरेंद्र बिहारी सिंह, आरक्षी अनिल रविदास, और गार्ड मोनू कुमार की सक्रिय भूमिका रही।

झारखंड आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

एमजीएम थाना में आरोपी के खिलाफ झारखंड आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी मिल सकते हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें