कुमारडुंगी में चोरी की बढ़ती वारदातें… चार बैल चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

SHARE:

Jamshedpur:कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इन दिनों बेखौफ नजर आ रहे हैं। मुख्य चौक से लेकर दो किलोमीटर के दायरे तक चोरी की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में जहां चोरों ने तीन से अधिक दुकानों में ताला तोड़कर सामान व नकद पर हाथ साफ किया था, वहीं अब घरों में बंधे बैलों की चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

ताजा मामला डीपासाई निवासी पुरेंद्र मटिया का है। उनके घर पर बंधे चार बैलों को सोमवार की देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच चोर ले उड़े। ग्रामीणों का कहना है कि बैल चोरी जैसी घटनाएं किसी सामान्य चोरी से कहीं अधिक गंभीर हैं, क्योंकि यह सीधे किसानों की आजीविका पर आघात है।

ग्रामवासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले कुमारडुंगी पुलिस ने संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की थी, जिसके बाद कुछ समय तक शांति रही। लेकिन अब फिर से चार बैलों की चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि थाना क्षेत्र में रात्रि पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाए, सख्त कार्रवाई की जाए और अपराधियों में पुलिस का भय पैदा किया जाए।

स्थानीय समाजसेवी सुरेश चन्द्र बोबोंगा ने प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा—
“कुमारडूंगी प्रखंड में लगातार असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। आम जनता भयभीत है और स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। सक्षम पदाधिकारी इन पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। जनता, बुद्धिजीवी और समाजसेवी सभी प्रशासन से बेहद नाराज़ हैं।”

Leave a Comment