भुईयांडीह अतिक्रमण कार्रवाई पर विधायक पूर्णिमा साहू सक्रिय, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की

SHARE:

Jamshedpur:भुईयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास सड़क चौड़ीकरण को लेकर जिला प्रशासन और टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा चलाए गए अतिक्रमण मुक्त अभियान ने क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को गहराई से प्रभावित किया है। बिना पूर्व सूचना, माइकिंग और सीमांकन के की गई अचानक कार्रवाई में कई घर और दुकानें जमींदोज हो गईं, जिससे कई परिवार खुले आसमान तले रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय समस्या को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू लगातार पीड़ित परिवारों के बीच हैं और राहत–पुनर्वास के लिए उच्च स्तर पर प्रयासरत हैं। शुक्रवार को वे रांची पहुँचीं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर भुईयांडीह की पूरी स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि कई परिवार जरूरी सामान तक निकाल नहीं सके। ठंड के मौसम में महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग बेघर हो गए हैं।

विधायक ने मुख्यमंत्री से

तत्काल पुनर्वास,

राहत सामग्री और अस्थायी आश्रय,

भोजन–पानी की व्यवस्था,

और भविष्य में किसी भी अतिक्रमण कार्रवाई से पूर्व स्पष्ट सीमांकन तथा नोटिस देने की अनिवार्यता की मांग रखी।


मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरतापूर्वक लेते हुए जिला प्रशासन से बात करने और शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान गांडेय की विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।

रांची से लौटने के बाद विधायक सीधे जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिलीं और कार्रवाई को मानवीय दृष्टिकोण से अनुचित बताते हुए तुरंत राहत प्रदान करने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि ठंड को देखते हुए तत्काल भोजन, पानी और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाए, साथ ही पुनर्वास प्रक्रिया को तेज किया जाए। उपायुक्त ने विधायक को भरोसा दिया कि राहत व पुनर्वास की कार्रवाई जल्द शुरू होगी और प्रभावित परिवारों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, जिससे प्रक्रिया तुरंत आगे बढ़ाई जा सके।

विधायक पूर्णिमा साहू की सक्रियता से प्रभावित परिवारों में राहत और पुनर्वास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Leave a Comment

और पढ़ें