स्थानीय विरोध के बाद रुका मानगो फ्लाईओवर का काम, वन-वे व्यवस्था से आवागमन और व्यापार ठप

SHARE:

Jamshedpur : मानगो फ्लाईओवर निर्माण कार्य को लेकर बढ़ते जनविरोध के बीच मंगलवार को काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया। स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पिछले तीन दिनों से फुटपाथी दुकानदारों को जबरन हटाने और सड़क पर वन-वे व्यवस्था लागू करने से उनका जीवन और व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।

लोगों ने कहा कि छोटे दुकानदारों की रोज़ी-रोटी बंद हो जाए तो वे परिवार कैसे चलाएंगे? ऐसे में सड़क बंदी और वन-वे लागू करने के खिलाफ विरोध तेज हो गया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर निर्माण के लिए मानगो चौक से गांधी मैदान तक सड़क को वन-वे कर दिया गया था। दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों को दाईगुट्टू होते हुए उलीडीह-बिरसा रोड की ओर डायवर्ट कर दिया गया था। इससे आसपास की बस्तियों के हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, कई दुकानों को बंद करना पड़ा और जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।



सुबह साढ़े 8 बजे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधियों व एनडीए कार्यकर्ताओं को सूचना दी कि सड़क बंद कर दी गई है और व्यापार ठप पड़ गया है।

इस पर विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि—नीरज सिंह, पप्पू सिंह, पिंटू सिंह, विनोद राय, प्रवीण सिंह आदि—तुरंत मानगो चौक पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर तक सभी दुकानें बंद करा दी गई हैं और न्यू पुरुलिया रोड को वन-वे बनाने से आवागमन संकट में है।

एनडीए और प्रतिनिधियों ने मौके पर फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के साइट इंचार्ज नीलेश जाधव से वार्ता की। स्थानीय मांग रखी गई कि पहले डिमना रोड का फ्लाईओवर पूरा किया जाए, ताकि ट्रैफिक बोझ वहीं शिफ्ट हो सके, तब मानगो वाला फ्लाईओवर शुरू किया जाए।

मांगों पर विचार करने के बाद साइट इंचार्ज जाधव ने अस्थायी रूप से कार्य बंद करने का आदेश दिया। इसके बाद मानगो चौक, आकाशगंगा और गणगौर स्वीट्स के पास लगाए गए बैरिकेड हटाए गए और सड़क को दोनों ओर से खोल दिया गया।

स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि आगे का काम जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए होगा।

Leave a Comment