Guwa:किरीबुरू थाना परिसर में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता बैठक एवं कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बैठक में किरीबुरू तथा छोटानागरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मिर्चीगड़ा, वालेहातू, टोपकोई, कुलातूपु, मारीदा, थालकोबाद, रातामाटी, गुंडीजोड़ा, जोजोड़ेड़ा एवं चेरबालोर पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्थानीय मुंडा-मांकी, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास, अफवाह और निराधार आरोपों के कारण समाज में तनाव, हिंसा और अपराध की घटनाएँ बढ़ती हैं, जो पूरी तरह अवैध और दंडनीय हैं।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी विवाद, शंका या अनहोनी की आशंका की स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें, ताकि समय पर सही और सुरक्षित समाधान उपलब्ध कराया जा सके।
अधिकारियों ने सामुदायिक पुलिसिंग की अवधारणा समझाते हुए कहा कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद की मजबूती से न केवल अपराध नियंत्रण आसान होता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सौहार्द और शांति भी सुनिश्चित होती है।
ठंड के मौसम को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा उपस्थित सभी ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। इस पहल ने ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास और अपनापन बढ़ाया है। कार्यक्रम को ग्रामीणों ने बेहद सकारात्मक और जरूरतों के अनुरूप बताया।









