Chaibasa:स्कूली बच्चों के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही यूनिफॉर्म और स्वेटर की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी (R.E.O.) शालिनी डुंगडुंग ने सख्त रुख अपनाते हुए शिक्षा विभाग के सभी कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल गुणवत्तापूर्ण पोशाक का ही वितरण होना चाहिए, अन्यथा इसमें शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ विद्यालयों में एक-दो वेंडरों द्वारा दबाव बनाकर निम्न-स्तरीय यूनिफॉर्म सप्लाई कराई जा रही है। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए R.E.O. ने कहा कि आवश्यक होने पर वे स्वयं विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगी।
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि—
“यह मेरा अंतिम निर्देश है।”
R.E.O. ने स्पष्ट किया कि यदि यूनिफॉर्म या स्वेटर सप्लाई में BRC स्टाफ, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी, एमडीएम ऑपरेटर, एमआईएस ऑपरेटर, अकाउंटेंट, आदेशपाल या किसी भी शिक्षक की भूमिका पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी भी BRC स्टाफ द्वारा विद्यालयों पर दबाव बनाकर सामान स्वीकार कराया जा रहा है, या धमकी देकर विशेष वेंडर का माल जबरन सप्लाई कराया जा रहा है, तो इसे विभागीय नियमों का घोर उल्लंघन माना जाएगा।
R.E.O. की इस कड़ी चेतावनी के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभाग अब यह सुनिश्चित करने में जुट गया है कि हर विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोशाक ही उपलब्ध कराई जाए।









