विधायक पूर्णिमा साहू ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा—कानून-व्यवस्था पर खड़ा बड़ा सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन कॉलोनी में शिक्षिका निधि सिंह के फ्लैट से लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक अपराधियों तक नहीं पहुँच सकी है। इस बड़ी चोरी की घटना ने क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

सोमवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू ने बारीडीह स्थित विजया गार्डेन जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली। विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगी।

मौके पर विधायक ने डीएसपी, एसडीओ और बिरसानगर थाना प्रभारी से फोन पर बातचीत कर चोरी की घटना का त्वरित उद्भेदन, चोरों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि, “लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही हैं। प्रशासन को सतर्क रहकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”

उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी विधायक के समक्ष पुलिस की निष्क्रियता और सोसाइटी की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने का आग्रह किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.