Jamshedpur:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को मतदान व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी।
डीईओ कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के 300 मतदान केन्द्रों पर 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। सभी बूथों की निगरानी वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी। को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से 10 नवंबर को 1200 से अधिक मतदान कर्मियों को रवाना किया जाएगा। क्षेत्र में 186 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किए गए हैं, जिन पर 30 माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती रहेगी। सुरक्षा के लिए 10 सीएपीएफ कंपनियां तैनात की जाएंगी।
9 नवंबर शाम 5 बजे से प्रचार पर रोक, ड्राई डे लागू
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 9 नवंबर शाम 5 बजे से किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, संगीत समारोह या टीवी–फिल्म प्रचार पर पूर्ण रोक रहेगी। इस अवधि में बाहरी राजनीतिक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का घाटशिला क्षेत्र में ठहरना प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है।
सख्त निगरानी और सीमाएं सील
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि मतदान से 72 घंटे पहले (P-3 दिवस) अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं को सील कर दिया गया है ताकि असामाजिक तत्वों की घुसपैठ रोकी जा सके। होटल, लॉज, मैरिज हॉल, कल्याण मंडप और धर्मशालाओं की सघन जांच जारी है ताकि कोई भी स्थान राजनीतिक ठिकाना या मतदाता प्रभावित करने का माध्यम न बने।
मतदान दिवस पर सख्त निर्देश
मतदान दिवस (P-0) पर 100 मीटर की परिधि में
मोबाइल, कैमरा, वायरलेस उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
पार्टी झंडा, पोस्टर या बैनर लगाने की अनुमति नहीं होगी।
मुफ्त वाहन सुविधा देना भ्रष्ट आचरण माना जाएगा।
किसी भी मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में राजनीतिक कार्यालय नहीं रहेंगे।
मीडिया और प्रचार पर नियंत्रण
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि MCMC की पूर्व अनुमति के बिना मतदान दिवस या उसके पूर्व दिवस पर प्रिंट मीडिया में कोई राजनीतिक विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया जा सकेगा। मतदान समाप्ति के 30 मिनट तक एक्ज़िट पोल या ओपिनियन पोल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
कानून-व्यवस्था: 3.30 करोड़ की जब्ती, 1233 हथियार जमा
अब तक आदर्श आचार संहिता अवधि में
₹3.30 करोड़ मूल्य की सामग्री (नकद, शराब, फ्रीबिज, ड्रग्स आदि) जब्त की गई,
1233 लाइसेंसी हथियार जमा किए गए,
100 लाइसेंसधारियों के लाइसेंस रद्द,
600 अभियुक्तों के विरुद्ध नॉन बेलेबल वारंट,
52 जिला बदर और थाना हाजिरी कार्रवाई की गई है।
19 अवैध हथियार और 34 कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अंत में अपील की कि घाटशिला के सभी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करें और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान में प्रशासन का सहयोग दें।









