मानगो के बाद बागुननगर में भी सांड का आतंक, ब्राह्मणी रोड पर शिक्षिका पर हमला — कलाई की हड्डी टूटी

SHARE:

Jamshedpur:मानगो में दो लोगों की जान लेने और कई को घायल करने वाले सांड के आतंक के बाद अब बागुननगर ब्राह्मणी रोड में भी सांड का कहर शुरू हो गया है। रविवार को हुई घटना में एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। सांड के हमले में उनकी कलाई की हड्डी टूट गई, उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।

घायल शिक्षिका धीरज कौर अपने वकील पति कुलबिंदर सिंह के साथ स्कूटी से बागुननगर ब्राह्मणी रोड से गुजर रही थीं। तभी दो सांड आपस में लड़ रहे थे। अधिवक्ता ने स्थिति भांपते हुए स्कूटी किनारे कर दी, लेकिन अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया।
पहले अधिवक्ता के बांह में सिंग लगा, इसके बाद सांड ने पीछे बैठी शिक्षिका पर हमला कर दिया। वे सड़क पर गिर गईं। सांड फिर उनकी ओर बढ़ा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बांस के सहारे सांड को पीटकर भगा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

टीएमएच में जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षिका की कलाई की हड्डी टूट गई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सांड मानगो में आतंक फैलाने वाला वही सांड नहीं है, बल्कि दूसरा सांड है। गनीमत रही कि यह सांड ज्यादा उग्र नहीं हुआ, वरना घटना भयावह हो सकती थी।

लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द आवारा पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी और की जान पर खतरा न बने।

Leave a Comment