स्लम बस्ती के बच्चे भी होंगे ‘बाल मेला’ में शामिल, सरयू राय की अध्यक्षता में हुआ बड़ा फैसला

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक और चतुर्थ बाल मेला के संरक्षक सरयू राय की अध्यक्षता में रविवार को हुई तैयारी बैठक में एक बड़ा और सराहनीय निर्णय लिया गया — इस बार स्लम बस्ती में रहने वाले बच्चे, जो किसी स्कूल में नामांकित नहीं हैं, वे भी बाल मेले की हर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।

बैठक में बाल कल्याण से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ-साथ 26 स्कूलों के खेल प्रशिक्षक भी शामिल हुए। स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 20 नवंबर तक बोधि मैदान, गरम नाला, साकची में आयोजित होने वाले इस बाल मेले की तैयारियाँ जोरों पर हैं।

बाल मेला आयोजन समिति की मंजू सिंह ने बताया कि यह निर्णय बाल आयोग के संजय जी के सुझाव पर लिया गया। उन्होंने कहा — “यह मेले का सबसे संवेदनशील और मानवीय पहलू होगा कि स्लम क्षेत्रों के बच्चे भी मुख्यधारा की गतिविधियों में शामिल हों।”

बैठक के दौरान सोशल मीडिया अभियान चलाने का भी निर्णय हुआ, ताकि हर स्कूल और समाज के हर तबके के बच्चे इस आयोजन से जुड़ सकें।
सरयू राय ने समिति को निर्देश दिया कि ऐसे बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर मेले में शामिल कराया जाए।

बैठक में संयोजक मनोज सिंह, सुधीर सिंह समेत कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खेल प्रशिक्षकों ने अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए, जिनमें से कई को तुरंत स्वीकार किया गया।

Leave a Comment