‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जमशेदपुर मनाएगी राष्ट्रीय उत्सव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को एक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने जा रही है। शुक्रवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि यह अवसर स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक भूमिका और राष्ट्रवादी चेतना के प्रसार को समर्पित होगा।

उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् भारतीय अस्मिता, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है।” इस मौके पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें प्रदर्शनी, संगोष्ठी, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता और सामूहिक राष्ट्रगीत गायन शामिल है।

बिरसा मुंडा जयंती से जुड़ेगा राष्ट्रगीत समारोह

सुधांशु ओझा ने बताया कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर साकची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद 150 से अधिक नागरिकों व वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा।
उन्होंने कहा कि “यह गीत वर्ष 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखा गया था और 1896 में रवीन्द्रनाथ टैगोर ने पहली बार इसका सार्वजनिक गायन किया। बाद में 1950 में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने इसे राष्ट्रगीत का दर्जा दिया।”

स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक रहा ‘वंदे मातरम्’

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि यह गीत आज़ादी के आंदोलन के दौरान ब्रिटिश शासन के खिलाफ एक नारा और प्रतिरोध का प्रतीक बन गया था। अंग्रेजी सरकार ने इसकी प्रबल राष्ट्रवादी भावना से भयभीत होकर ‘वंदे मातरम्’ के उच्चारण पर ही प्रतिबंध लगा दिया था।
उन्होंने कहा कि यह गीत बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, भगत सिंह और सुभाषचंद्र बोस जैसे अनेक क्रांतिकारियों का प्रेरणास्रोत रहा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

ओझा ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने कई बार ‘वंदे मातरम्’ के प्रति असहिष्णुता दिखाई। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “1923 के काकीनाडा कांग्रेस अधिवेशन में मौलाना मोहम्मद अली ने धार्मिक आधार पर गीत पर आपत्ति जताई, 1937 में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए राष्ट्रीय गीत बदलने का निर्णय लिया और 2019 में मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सचिवालय में ‘वंदे मातरम्’ गायन पर रोक लगाई।”
उन्होंने कहा कि भाजपा इसके विपरीत राष्ट्रगीत को राष्ट्रनिष्ठा और देशभक्ति का प्रतीक मानती है।

‘वंदे मातरम् @150’ प्रदर्शनी और प्रतियोगिताएँ

भाजपा जमशेदपुर महानगर आने वाले दिनों में ‘वंदे मातरम् @150’ थीम पर प्रदर्शनी, ‘आनंदमठ’ और ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक व साहित्यिक पक्ष पर संगोष्ठियाँ, तथा विद्यालयों व महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला और कविता प्रतियोगिताएँ आयोजित करेगी।
उद्देश्य है कि नई पीढ़ी इस गीत की भावना को समझे और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को आत्मसात करे।


प्रेस वार्ता में उपस्थित: जिला महामंत्री अनिल मोदी, उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक बबुआ सिंह, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, तथा कार्यकर्ता उज्ज्वल सिंह और किशोर ओझा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.