चाईबासा में अवैध बालू खनन का विरोध करने वाले युवक की हत्या, ट्रैक्टर से कुचलकर मौत – क्षेत्र में तनाव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa:जिले के जैतगढ़ ओपी थाना क्षेत्र के मुंडाई गांव में अवैध बालू खनन का विरोध करना एक युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। शुक्रवार को बालू माफियाओं ने सामाजिक कार्यकर्ता दीपक प्रधान को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव व्याप्त है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दीपक प्रधान लंबे समय से क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू खनन और तस्करी का विरोध कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह उन्होंने बालू लदे एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तभी चालक ने बेरहमी से ट्रैक्टर चढ़ा दिया और फरार हो गया। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की खबर जैसे ही फैली, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर शव रखकर घंटों तक प्रदर्शन और जाम किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया।

जांच और कार्रवाई
जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन का धंधा लंबे समय से चल रहा है और प्रशासन मौन है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालू माफिया खुलेआम खनन और परिवहन कर रहे हैं, जबकि इसका विरोध करने वालों को धमकाया या मारा जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए और अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.