Manoharpur:पश्चिम सिंहभूम जिले के घने सारंडा वन क्षेत्र में शुक्रवार को झारखंड पुलिस और 209 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की। जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलापू बुरू इलाके में पुलिस बल और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसके बाद क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई।
मुठभेड़ समाप्त होने के बाद जब सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, तो मौके से दो SLR राइफल, एक .303 राइफल, AK-47 के 37 जिंदा कारतूस, SLR के 78 और .303 के 130 कारतूस, कई मैगजीन, कुल 16.68 किलोग्राम जिलेटिन पैकेट, 13 तैयार जिलेटिन IED, इलेक्ट्रिक व नॉन-इलेक्ट्रिक डिटोनेटर, 5 रेडियो सेट, 2 इंटरसेप्टर, 24 सिरिंज, IED निर्माण में प्रयुक्त 20 प्लास्टिक पाइप (6 इंच), ASUS और Lenovo के लैपटॉप, 11 FM रेडियो समेत बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और सामग्री बरामद की गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह अभियान नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है। सुरक्षा बलों का कहना है कि सारंडा जैसे कठिन इलाकों में अब नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया गया है।
झारखंड पुलिस ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संयुक्त ऑपरेशन और अधिक तीव्रता से जारी रहेंगे ताकि नक्सलियों के ठिकानों का पूर्ण उन्मूलन किया जा सके।









