Jamshedpur : बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी और नकद लेन-देन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने आज चेंबर भवन परिसर में कॉइन डिस्ट्रीब्यूशन कैंप का आयोजन किया। इस कैंप का उद्देश्य व्यापारियों और सदस्यों को छोटे सिक्कों की सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि बाजार में नकदी का प्रवाह सुचारू बना रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने किया। उन्होंने कहा कि चैंबर सदैव व्यापारियों के हित में कार्य करता है और सदस्यों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक पहल करता रहता है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में व्यापारियों को रोजमर्रा के लेनदेन में सिक्कों की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए चैंबर ने विभिन्न बैंकों से समन्वय कर केनरा बैंक के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि यह शिविर व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और इससे क्रेता-विक्रेता दोनों को सुविधा मिलेगी। वहीं उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि व्यवसाय के विकास के लिए समुचित मौद्रिक व्यवस्था आवश्यक है। व्यापारियों की दैनिक समस्याओं को देखते हुए ऐसे शिविरों को भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में केनरा बैंक के प्रबंधक प्रदीप कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करती है। उन्होंने चैंबर की इस पहल को सराहनीय बताया।
धन्यवाद ज्ञापन चेंबर के सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने किया। उन्होंने बताया कि सिक्कों के वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती गई है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में चैंबर के कई सदस्य उपस्थित थे, जिनमें राजीव अग्रवाल, विनोद शर्मा, अनिल रिंगासिया, मनोज गोयल, अमित संघी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। सभी ने इस पहल की सराहना की।









