जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में मंगलवार को स्थानीय महिलाओं ने एक मेंस ब्यूटी पार्लर के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि पार्लर की आड़ में असामाजिक गतिविधियाँ चलाई जा रही थीं, जिससे आसपास की महिलाओं और युवतियों पर गलत प्रभाव पड़ रहा था।
मंगलवार दोपहर दर्जनों महिलाएं पार्लर के बाहर एकत्रित हुईं और पार्लर संचालक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाओं ने आरोप लगाया कि यह पार्लर पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया था, जिसे स्थानीय दबाव के बाद बंद कराया गया था। बावजूद इसके, संचालक ने कुछ ही समय बाद पार्लर को दोबारा शुरू कर दिया।
महिलाओं ने कहा कि पार्लर में दिनभर अजनबी युवकों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे आसपास के माहौल पर बुरा असर पड़ रहा था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस तरह के पार्लर पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। महिलाओं के विरोध और लिखित शिकायत को देखते हुए पुलिस ने पार्लर को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।
गोलमुरी थाने में महिलाओं ने पार्लर संचालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस पार्लर को लेकर विवाद हुआ है। कुछ महीने पहले भी इसी पार्लर को अनुचित गतिविधियों के आरोप में बंद करना पड़ा था। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर पार्लर दोबारा खोला गया, तो वे और उग्र आंदोलन करेंगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









