जमशेदपुर में ऑनलाइन निवेश घोटाला उजागर, ‘ग्लोबल ट्रेवल्स’ वेबसाइट से करोड़ों की ठगी — ऑफिस खाली छोड़ भागे संचालक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : शहर में एक बड़ा ऑनलाइन निवेश घोटाला (Online Investment Scam) सामने आया है। “ग्लोबल ट्रेवल्स” नामक वेबसाइट के माध्यम से सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। यह मामला आज़ाद नगर थाना और कपाली ओपी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, वेबसाइट ने लोगों को नेटवर्क मार्केटिंग और निवेश पर ऊंचे रिटर्न (Investment Returns) का लालच दिया था। निवेशकों को हर सप्ताह मुनाफा और आकर्षक लकी ड्रॉ का वादा किया गया था, जिसमें फ्रिज, एसी और गोल्ड कॉइन जैसे उपहार देकर विश्वास जीता गया।

कैसे हुआ घोटाला

जानकारी के मुताबिक, “ग्लोबल ट्रेवल्स” वेबसाइट पिछले कुछ महीनों से सक्रिय थी। इसमें लोगों से ₹1800 से लेकर लाखों रुपये तक निवेश कराने और दूसरों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ देने का वादा किया गया था। वेबसाइट का ढांचा मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) की तरह तैयार किया गया था, जिससे लोगों का भरोसा तेजी से जीता गया।

अचानक वेबसाइट बंद, निवेशकों में हड़कंप

शनिवार रात अचानक वेबसाइट पर संदेश आया —  “तकनीकी कारणों से पैसे निकालना संभव नहीं है।”



यह सूचना मिलते ही निवेशकों में हड़कंप मच गया। दर्जनों लोग ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के पास शॉपिंग सेंटर अपार्टमेंट पहुँचे, जहाँ कंपनी का ऑफिस बताया जा रहा था। लेकिन कार्यालय पूरी तरह खाली मिला।

गुस्साए निवेशकों ने ऑफिस में तोड़फोड़ की, यहाँ तक कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी उठा ले गए। बताया जा रहा है कि कंपनी का एक और ऑफिस कपाली ओपी क्षेत्र में भी संचालित था, जहाँ लोगों ने जमकर हंगामा किया।

दोनों जगहों पर माहौल देर रात तक तनावपूर्ण बना रहा।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने निवेशकों की शिकायतें दर्ज करना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कंपनी के संचालक घटना से पहले ही ऑफिस खाली कर फरार हो गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असत्यापित वेबसाइटों या उच्च मुनाफे के लालच में निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन स्कीम की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.