Jamshedpur: सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समिति की पूर्व अध्यक्ष रानी गुप्ता ने निर्वाचन पदाधिकारी सुदामा प्रसाद पर गंभीर अनियमितताओं और पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया है।
रानी गुप्ता ने जिले के उपायुक्त (डीसी) और सहकारिता निबंधक को लिखित शिकायत भेजी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि समिति के चुनाव की जानकारी उन्हें और अन्य सदस्यों को नहीं दी गई। इतना ही नहीं, निर्वाचन कार्यक्रम की प्रति समिति मुख्यालय में भी प्रदर्शित नहीं की गई, जो कि झारखंड सहकारी समिति नियमावली 1959 की धारा 21(ट) का सीधा उल्लंघन है।
पूर्व अध्यक्ष का आरोप है कि निर्वाचन पदाधिकारी ने रीना सेनापति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चुनाव सूचना पत्र को जानबूझकर हटाया। रानी गुप्ता के अनुसार, जब वे 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, तो पदाधिकारी स्थल पर मौजूद नहीं थे और उन्हें नामांकन पत्र लेने से मना कर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि रीना सेनापति के नामांकन पर दी गई आपत्ति की कोई पावती नहीं दी गई और नामांकन सूची का प्रकाशन भी नहीं किया गया। रानी गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान रीना सेनापति निर्वाचन पदाधिकारी के साथ मौजूद थीं, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा होता है।
पूर्व अध्यक्ष ने मांग की है कि निर्वाचन प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और निर्वाचन पदाधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताएं दोबारा न हों।









