परसुडीह में खिड़की तोड़कर चोरों ने उड़ाए जेवर और नकदी, परिवार सदमे में

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर 2 लाइन किनारे स्थित मोहम्मद हलिम खान उर्फ राजू के घर में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और बक्से को तोड़कर डेढ़ से दो लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवर और करीब बीस हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर

परिवार के सदस्यों के अनुसार, देर रात घर में सभी लोग सोए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर की खिड़की को तोड़कर भीतर प्रवेश किया। घर में रखे बक्से को तोड़ने के बाद चोरों ने उसमें रखे सभी कीमती जेवरात और नकदी को साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह जब गृहस्वामी की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि घर के बाहर टूटी हुई पेटी और बिखरा हुआ सामान पड़ा है।

कई वर्षों की जमा पूंजी पर हाथ साफ

पीड़ित परिवार के सदस्य मोहम्मद तौसिफ ने बताया कि चोरी गए जेवर उनकी दादी और परिवार की महिलाओं के थे। यह सभी गहने वर्षों की जमा पूंजी से खरीदे गए थे। नगदी में वह राशि भी शामिल थी जिसे परिवार आपातकालीन जरूरतों के लिए सहेजकर रखा था। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में दहशत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय के बाद चोरी की ऐसी वारदात हुई है जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें