Adityapur : आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में स्थानीय निवासियों की एक आम सभा आयोजित की गई, जिसमें आदित्यपुर नगर निगम के कनीय अभियंता राहुल कुमार भी उपस्थित थे। सभा का मुख्य विषय टाटा–कांड्रा मुख्य सड़क से लक्ष अपार्टमेंट तक जयप्रकाश उद्यान पथ निर्माण रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण की मांग पिछले आठ वर्षों से की जा रही है। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त हो जाने के बावजूद भी अब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। निवर्तमान पार्षद और स्थानीय जनता के लगातार प्रयासों के बाद NOC मिला था, लेकिन नगर निगम की लापरवाही के कारण सड़क निर्माण का टेंडर रद्द हो गया।
सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जयप्रकाश उद्यान पथ का निर्माण शीघ्र कराया जाए। इस उद्देश्य से एक सड़क निर्माण संघर्ष समिति का गठन किया गया।
समिति की अध्यक्ष के रूप में प्रतिमा देवी और सचिव के रूप में मंजू देवी को चुना गया। समिति का उद्देश्य सड़क निर्माण से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाना और स्थानीय निवासियों के हितों की रक्षा करना है।
समिति में शामिल प्रमुख सदस्य हैं — रीता कुमारी, अभय कुमार सिन्हा, जे.एन. सिंह, गुड्डू कुमार, आभा चौरसिया, रमेश चंद्र चौरसिया, कुमारी प्रिया, देसी कुमारी, कनक लता, सविता, किर्तोनिया, मंजू तिवारी, पम्मी, शकुंतला शर्मा, अंजू शाह, बीएससी कैलाश पाठक, सपना सिंह, शशांक कुमार, विनीत सहाय और सुरेश कुमार सहित कई स्थानीय निवासी।
समिति जल्द ही आदित्यपुर नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों से संपर्क कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी। स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट किया कि वे सड़क निर्माण के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और अपनी मांगों को लेकर निरंतर प्रयासरत रहेंगे।









