Seraikela:आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सरायकेला थाना पुलिस ने मंगलवार को भव्य फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मुख्य बाजार क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर आमजनों को सुरक्षा और सौहार्द का संदेश दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि फ्लैग मार्च का मकसद त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और नागरिकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा, “पुलिस हर समय जनता की सेवा में तत्पर है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अशांति की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शांति, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें तथा पुलिस प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करें। थाना प्रभारी ने कहा कि सभी नागरिक मिलजुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित किया जा सके।









