बाजारों में बिक रही चीनी वस्तुएं BJP-संघ के फर्जी राष्ट्रवाद की पोल खोल रही हैं : सुधीर कुमार पप्पू

SHARE:

Jamshedpur। समाजवादी चिंतक एवं वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने केंद्र की भाजपा सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि देश के बाजारों में धड़ल्ले से बिक रही चीन निर्मित वस्तुएं इनके फर्जी देशप्रेम और राष्ट्रवाद के ढोंग की पोल खोल रही हैं।

उन्होंने कहा कि हर दिवाली पर भाजपा और उससे जुड़े संगठन “चीनी सामान का बहिष्कार” का शोर मचाते हैं, लेकिन इस बार तो दिखावे की औपचारिकता निभाने की हिम्मत भी नहीं जुटा सके। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर “वोकल फॉर लोकल” का नारा अब कहां गया? जनता को इन फर्जी नारों का विरोध करना चाहिए।

पप्पू ने कहा कि जब भाजपा और संघ विपक्ष में थे, तब बड़ी-बड़ी देशभक्ति की बातें करते थे, मगर सत्ता में आने के 11 साल बाद भी चीन से व्यापार घाटा लगातार बढ़ा है। व्यापारी, जो तथाकथित देशभक्त संगठनों से जुड़े हैं, वही महिलाओें की टिकुली-बिंदी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान तक चीन से मंगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के कुटीर और लघु उद्योग तेजी से बंद हो रहे हैं, बेरोजगारी चरम पर है, और सरकार को न तो उद्योगों की चिंता है न ही युवाओं के भविष्य की। भारत का निर्माण क्षेत्र अब “असेंबल उद्योग” बनकर रह गया है।

सुधीर कुमार पप्पू ने केंद्र सरकार से सवाल किया—

“जब आप कहते हैं कि सीमा सुरक्षित है, तो आखिर चीनी वस्तुएं भारत में प्रवेश कैसे कर रही हैं और क्यों?”



उन्होंने देशवासियों से अपील की कि इस दीपावली चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करें और मिट्टी के दीप जलाएं, जिससे कुम्हार भाइयों के घरों में भी उजाला और विकास की किरणें पहुंचे।

“दीप जलाना ही भारतीय संस्कृति और परंपरा का असली प्रतीक है,” — सुधीर कुमार पप्पू।

Leave a Comment