Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-13 C में 28 सितंबर की शाम राशन दुकानदार अबु सनान को गोली मारकर घायल करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में शामिल दो आरोपियों — वसीम अंसारी उर्फ वसीम खान उर्फ काले (जवाहरनगर निवासी) और नयाब हुसैन उर्फ टेनिस उर्फ दानिश (जाकिरनगर निवासी) — को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (JH05CM-4272) को भी जब्त किया गया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि घायल अबु सनान के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी वसीम अंसारी को पारडीह मध्य विद्यालय के पास से और नयाब हुसैन को उसके घर से गिरफ्तार किया। वसीम की निशानदेही पर नयाब हुसैन के घर से हथियार बरामद किए गए।
जांच में खुलासा हुआ कि गोलीकांड का कारण वसीम और अबु सनान के बीच पैसों का विवाद था। इसी को लेकर दोनों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद वसीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अबु सनान को गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रौनक और शाहरूख खान उर्फ चुहा बच्चा भी शामिल थे, जिन्होंने पुलिस दबिश के चलते न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
मुख्य आरोपी वसीम अंसारी उर्फ वसीम खान उर्फ काले पहले भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ मानगो, आजादनगर, बोड़ाम और बिरसानगर थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे एक शातिर और सक्रिय अपराधी मान रही है।









