Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग स्थित नए पुल के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा स्टील के वायर रॉड मिल (WRM) के क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह (57) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार पांच अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चों के जन्म की खुशी में पार्टी मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज़ रफ्तार अर्टिगा कार हुरलूंग पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार का शीशा खुला होने के कारण प्रमोद कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार में उनके साथ आर.के. सिंह, उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50) और बिनेश टूद्दू (33) सवार थे। आर.के. सिंह को शीशा तोड़कर और सीट बेल्ट काटकर बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची बिरसानगर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार टाटा स्टील कर्मचारी अमित सिंह की थी, जो स्वयं सुरक्षित हैं। मृतक प्रमोद कुमार सिंह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह, भूषण कॉलोनी के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और सहयोगियों में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही प्रमोद कुमार सिंह और आर.के. सिंह की विभागीय पदोन्नति हुई थी, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे विभाग को स्तब्ध कर दिया है।









