खुले सेप्टिक टैंक में मासूम की दर्दनाक मौत पर विधायक पूर्णिमा साहू ने लिया संज्ञान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: बिरसानगर थाना क्षेत्र के मोहरदा स्थित आस्था ट्विन सिटी में शनिवार को हुई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेलते-खेलते खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 5 वर्षीय आदर्श कुमार, पुत्र तपन कुंभकार (निवासी – कुमरुम बस्ती, मानगो) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू रविवार सुबह घटनास्थल पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों के साथ मामले की गहन जांच की।

विधायक साहू ने मौके पर ही जिला परिषद के सहायक अभियंता और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से फ़ोन पर बात कर तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। डीडीसी के निर्देश पर सहायक अभियंता तत्काल स्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

विधायक साहू ने घटनास्थल से ही प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा —

> “ऐसे हादसे भविष्य में दोबारा न हों, इसके लिए हर खुले सेप्टिक टैंक को तुरंत ढका जाए। प्रशासन को इस लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

उन्होंने मासूम की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहयोग तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

विधायक ने कई शोक-संतप्त परिवारों से भी की मुलाकात

विधायक पूर्णिमा साहू ने रविवार को क्षेत्र के बिरसानगर, गाढ़ाबासा और नामदा बस्ती में जाकर कई शोक-संतप्त परिवारों से मुलाकात की।

सबसे पहले वह भाजयुमो बिरसानगर मंडल अध्यक्ष मनीष पांडेय के आवास पहुंचीं और उनके स्वर्गीय पिता के निधन पर संवेदना व्यक्त की।

इसके बाद भाजपा गोलमुरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष धीरज पासवान के गाढ़ाबासा स्थित आवास जाकर उनके पिता के निधन पर श्रद्धांजलि दी।

नामदा बस्ती, नानक नगर में सड़क दुर्घटना में दिवंगत 18 वर्षीय शरण सिंह के घर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया और बर्मामाइंस थाना प्रभारी से फोन पर बात कर शीघ्र व न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अंत में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता केसरी पहलवान के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की।

विधायक के साथ इस दौरान कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें