Jamshedpur: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को टेल्को प्रखंड के खड़गाझार क्षेत्र में “हमारे वोटों की चोरी रोकें” जन-जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने किया। उनके साथ वरिष्ठ नेता चन्द्रभान सिंह, रियाजुद्दीन खान, ओमप्रकाश उपाध्याय, नन्दलाल सिंह, राजेश कुमार (प्रखंड अध्यक्ष) और नव-नियुक्त अध्यक्ष परविंदर सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
दुबे ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में बढ़ती गड़बड़ियों और मताधिकार से नागरिकों को वंचित करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विधानसभाओं में लाखों मतदाताओं के नाम गायब हैं, जबकि कुछ प्रविष्टियां डुप्लीकेट या अधूरी हैं। “यह केवल वोट की नहीं, बल्कि जनता की आवाज की चोरी है,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग से पांच प्रमुख मांगें रखीं —
1. वोटर लिस्ट को मशीन रीडेबल प्रारूप में फोटो सहित सार्वजनिक किया जाए।
2. प्रत्येक चुनाव से पहले जोड़े व हटाए गए नामों की सूची फोटो सहित जारी हो।
3. गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली बनाई जाए।
4. नाम जोड़ने या हटाने की सीमा-तिथि पूर्व घोषित की जाए।
5. मतदाता दमन में शामिल अधिकारियों या एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई हो।
स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और युवाओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हस्ताक्षर कर कांग्रेस के प्रयास को लोकतंत्र की रक्षा का अभियान बताया।
कार्यक्रम में परविंदर सिंह, राजकिशोर यादव, देबाशीष घोष, जसवंत सिंह जस्सी, समंता कुमार, डॉ. परितोष सिंह, मनोज कुमार सिंह, रजनीश सिंह, राजीव मिश्रा, एस.पी. सिंह, कौशल प्रधान, संजय रंजन, नरेंद्र कुमार, श्यामसुन्दर प्रसाद, मो. नौशाद, सुशील कुमार, चिन्ना राव, निखिल कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
